महाराष्ट्र निकाय चुनावों में BJP की बड़ी जीत के बीच AIMIM की ‘खामोश आंधी’ ने सबका ध्यान खींचा है।असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में AIMIM ने राज्य के मुस्लिम-बहुल इलाकों में मजबूत पकड़ बनाते हुए 114 सीटें जीत ली हैं। AIMIM नेता शारिक नक़्शबंदी के मुताबिक, यह जीत जमीनी स्तर पर अल्पसंख्यक वोटों के एकजुट होने का साफ संकेत है।
छत्रपति संभाजीनगर में AIMIM ने सबसे ज़्यादा 33 सीटें झटक लीं, जबकि मालेगांव (21) और अमरावती (15) में भी पार्टी का प्रभाव साफ दिखा। इसके अलावा नांदेड़ (13), धुले (10), सोलापुर (8) और मुंबई (6) में उल्लेखनीय जीत दर्ज हुई। ठाणे (5), जलगांव (2) और चंद्रपुर (1) में भले ही सीटें कम रहीं, लेकिन राजनीतिक संदेश गहरा है।
अब असली सवाल सियासी गलियारों में गूंज रहा है—क्या AIMIM का यह उभार BJP-नेतृत्व वाले गठबंधन और हिंदुत्व की राजनीति पर भरोसा करने वाली पार्टियों के लिए चेतावनी की घंटी है? क्या बदलती जनसांख्यिकी (Demography) राजनीतिक दलों को अपनी विचारधारा पर दोबारा सोचने को मजबूर कर रही है? और सबसे अहम – क्या हिंदू मतदाता इस बदलते समीकरण से सहज है? महाराष्ट्र के इन स्थानीय चुनावों ने साफ कर दिया है कि सत्ता की लकीरें बदल रही हैं – और संभव है कि ये निकाय नतीजे भारत की पहचान-आधारित राजनीति के एक नए अध्याय की शुरुआत साबित हों।


